Breaking News

मुख्यमंत्री योगी ने यूपी डॉट एमवाईजीओवी डॉट इन up.mygov.in पोर्टल का किया शुभारम्भ


मुख्यमंत्री योगी ने यूपी डॉट एमवाईजीओवी डॉट इन पोर्टल का किया शुभारम्भ

लखनऊ, 26 जुलाई 2021 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यूपी डॉट एमवाईजीओवी डॉट इन पोर्टल का शुभारम्भ किया। भारत सरकार के एमवाईजीओवी  पोर्टल के 07 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस पोर्टल की शुरुआत की गयी है। कार्यक्रम के दौरान एमवाईजीओवी पोर्टल के 07 वर्ष पूर्ण होने पर केन्द्रित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गयी।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। एमवाईजीओवी पोर्टल के 07 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज भारत सरकार के सहयोग से यूपी डॉट एमवाईजीओवी डॉट इन पोर्टल का शुभारम्भ किया गया। इससे प्रदेश भी केन्द्र सरकार के एमवाईजीओवी पोर्टल से जुड़ गया है। यह पोर्टल पं0 दीन दयाल उपाध्याय की अंत्योदय की भावना के अनुसार अंतिम पायदान के व्यक्ति तक शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायक होगा। साथ ही, इससे राज्य सरकार को जनता के सुझावों को जानने, विभिन्न मामलां में सहयोग प्राप्त करने तथा इनोवेशन को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 07 वर्ष पहले प्रधानमंत्री ने तकनीक के माध्यम से लोकतंत्र की भावनाओं को साकार करने के लिए जो कार्य प्रारम्भ किये थे, उसने न केवल अपनी पहचान बनायी, बल्कि सुशासन का लक्ष्य प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका भी निभायी। 26 मई, 2014 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शपथ ली थी। 26 जुलाई, 2014 को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उन्होंने एमवाईजीओवी पोर्टल का शुभारम्भ किया था। यह पोर्टल लोकतंत्र की भावना के अनुरूप विभिन्न योजनाआें में जनभागीदारी, जनता के सुझावों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पोर्टल से 01 करोड़ 85 लाख से अधिक लोगों का जुड़ाव इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है। उन्हांने शासन की योजनाओं से जनता को जोड़ने में पोर्टल का बेहतरीन उपयोग करने के लिए एमवाईजीओवी पोर्टल की टीम को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक न केवल आमजन के जीवन में व्यापक सुधार का माध्यम बन सकती है, बल्कि लोकतंत्र की भावना को भी चरितार्थ कर सकती है। भ्रष्टाचार को समाप्त करने में भी यह महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि विगत डेढ़ वर्ष से पूरी दुनिया कोरोना महामारी से जूझ रही है। कोरोना काल में तकनीक जनता को शासन की विभिन्न योजनाआें का प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से लाभ पहुंचाने में सहायक सिद्ध हुई है। राज्य सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण को ई-पॉस मशीनों से जोड़ा। इससे न केवल पहले से अधिक संख्या में जरुरतमन्द लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने में मदद मिली, बल्कि पारदर्शी ढंग से खाद्यान्न वितरण के कारण राज्य सरकार को 1200 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष बचत भी हो रही है। तकनीक के उपयोग से प्रदेश के राजस्व में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग को यूपी डॉट एमवाईजीओवी डॉट इन पोर्टल बनाने व लॉन्च करने के लिए धन्यवाद देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह पोर्टल निरन्तर भारत सरकार के मार्गदर्शन में आमजन की भावनाआें के अनुरूप प्रधानमंत्री जी के मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ का प्रतीक बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि एमवाईजीओवी का यू0पी0 चैप्टर भी एमवाईजीओवी की तर्ज पर अपनी बेहतर सेवाओं के लिए जाना जाएगा।
कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्वनी वैष्णव ने कहा कि एमवाईजीओवी देश के जनमानस के जीवन में बदलाव के लिए प्रधानमंत्री का एक सफल कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एमवाईजीओवी के उत्तर प्रदेश चैप्टर की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हांने कहा कि इससे प्रदेश की जनता को विभिन्न सरकारी सेवाएं सरलता से उपलब्ध होंगी तथा समाज एवं सरकार के मध्य सामंजस्य बढ़ेगा तथा साधारण से साधारण व्यक्ति को सरकार से सीधा जुड़ने का अवसर मिलेगा।
वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत सरकार समाज के गरीब, शोषित, वंचित वर्गों के कल्याण के लिए प्रयासरत है। तकनीक के प्रयोग से अंत्योदय की सोच को साकार करने का कार्य किया जा रहा है। इस उद्देश्य से प्रधानमंत्री ने तकनीक के व्यापक प्रयोग को प्रोत्साहन दिया है। इसके लिए आधार, मोबाइल, मोबाइल निर्माण में तेजी, गरीब से गरीब व्यक्ति को इण्टरनेट सेवा, डिजीटल पेमेन्ट, डी0बी0टी0 आदि को बढ़ाने का प्रयास किया गया है। इन प्रयासों का उद्देश्य आम लोगों के जीवन में परिवर्तन लाना है।
वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना एवं प्रौद्योगिकी सचिव अजय साहनी ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि एमवाईजीओवी पोर्टल के माध्यम से सरकार की विभिन्न महत्वपूर्ण नीतियों पर नागरिकों की राय लेकर उनका प्रयोग किया जाता है। कोविड-19 के सम्बन्ध में जानकारी के लिए एमवाईजीओवी पोर्टल का डैशबोर्ड सर्वाधिक फॉलो किया गया। उन्होंने कहा कि डिजीटल इण्डिया का ‘लोगो’ एमवाईजीओवी पोर्टल द्वारा सुझाया गया था। आज यह एक जाना पहचाना ‘लोगो’ है। कार्यक्रम का संचालन एमवाईजीओवी के सी0ई0ओ0 अभिषेक सिंह ने वर्चुअल माध्यम से किया।
कार्यक्रम के अन्त में अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में लोकतंत्र की भावना के अनुरूप शासन की योजनाओं में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एमवाईजीओवी पोर्टल तैयार कराया गया है। यह प्रयास किया जाएगा कि प्रदेश में भी इसी प्रकार यूपी डॉट एमवाईजीओवी डॉट इन पोर्टल राज्य सरकार और नागरिकों के बीच सेतु के रूप में कार्य करे। उन्होंने भारत सरकार की एमवाईजीओवी टीम को बहुत कम समय में पोर्टल तैयार कराने के लिए धन्यवाद देते हुए प्रदेश में पोर्टल के बेहतर ढंग से संचालन के लिए प्रदेश की टीम की सहायता का अनुरोध भी किया।
केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चन्द्रशेखर भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ0 दिनेश शर्मा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास अरविन्द कुमार, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद, सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार, सूचना निदेशक शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related News

Leave a Comment

Previous Comments

Loading.....

No Previous Comments found.