Breaking News

राष्ट्रपति चुनाव-2022 जीतीं NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी ने उनके आवास पहुंचकर दी बधाई


नई दिल्ली, 21 जुलाई 2022 (आईपीएन)। NDA की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मदीवार द्रौपदी मुर्मू चुनाव जीत चुकी हैं. 18 जुलाई 2022 को हुए राष्ट्रपति चुनाव के बाद आज यानी बुधवार 21 जुलाई को हुई मतगणना में द्रौपदी मुर्मू को कुल 5 लाख, 77 हजार, 777 मूल्य के वोट मिले. जबकि विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को कुल 2 लाख, 61 हजार, 62 मूल्य के वोट मिले. चुनाव में जीत मिलने से बहुत पहले ही जब द्रौपदी मुर्मू ने एक बड़ी बढ़त ले ली थी, तभी से दिल्ली स्थित उनके आवास और भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल तैयार होने लगा था. चुनाव में जीत के बाद अब उनके लिए बधाई संदेशों का तांता लग गया है.

द्रौपदी मुर्मू को चुनाव जीतने पर सबसे पहले बधाई देने वालों में विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा भी रहे. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘राष्ट्रपति चुनाव 2022 में जीत मिलने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई. हर भारतीय यह आशा करता है कि द्रौपदी मुर्मू बिना भय अथवा पक्षपात के ‘संविधान की संरक्षक’ के तौर पर कार्य करेंगी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं द्रौपदी मुर्मू के घर पहुंचकर उन्हें राष्ट्रपति चुनाव में जीत मिलने पर बधाई दी. प्रधानमंत्री के साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी द्रौपदी मुर्मू को बधाई देने उनके घर पहुंचे. गृहमंत्री अमित शाह ने भी नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए कहा, आदिवासी समाज से राष्ट्रपति चुना जाना गौरव का पल है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके भी द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी और लिखा, ‘भारत ने इतिहास बना दिया है. ऐसे समय में जब देश की 1.3 अरब जनसंख्या आजादी का अमृत महोत्सव मना रही है, उसी समय भारत की बेटी जो आदिवासी समाज से आती है और पूर्वी भारत के दूरदराज के इलाके में जन्मी हैं, आज वह देश की राष्ट्रपति चुनी गई हैं. इस अवसर पर द्रौपदी जी को बधाई.

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर बधाई दी. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, वह ग्रामीणों, गरीबों और पिछड़ों के भले के लिए हमेशा लड़ती रही हैं. उन्हीं लोगों के बीच में से उठकर वह आज सर्वाेच्च संवैधानिक पद पर पहुंची हैं. यह सब भारत में लोकतंत्र की निशानी है.

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और वायनाड़ से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर बधाई दी. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी नव निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी.

 

Leave a Comment

Previous Comments

Loading.....

No Previous Comments found.